राजस्थान : 32 जिलों में कल उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 92.83 लाख बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य

संगीत नगरी ग्वालियर में देश का प्रतिष्ठित 102वां तानसेन संगीत समारोह 14 से 19 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को संभाग आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में स्थानीय समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई।
समारोह के मंगलाचरण के रूप में 14 दिसंबर को हजीरा स्थित इंटक मैदान में उपशास्त्रीय संगीत कार्यक्रम 'गमक' आयोजित होगा। इसमें प्रसिद्ध पार्श्व गायिका साधना सरगम प्रस्तुति देंगी। वहीं 15 दिसंबर को तानसेन की समाधि पर शहनाई वादन, हरिकथा और मिलाद वाचन के साथ समारोह का पारंपरिक शुभारंभ होगा। इसी दिन राष्ट्रीय तानसेन सम्मान और राष्ट्रीय राजा मानसिंह सम्मान भी प्रस्तावित हैं।
इस वर्ष समारोह में कुल 10 संगीत सभाएं आयोजित होंगी। मुख्य सभाएं तानसेन समाधि परिसर में सजेंगी। अंतिम दिन 19 दिसंबर को सुबह की सभा तानसेन की जन्मस्थली बेहट और शाम की अंतिम संगीत सभा गूजरी महल परिसर में आयोजित होगी।
बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समिति सदस्य और संगीत एवं कला क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे। संभाग आयुक्त ने समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक संगीत प्रेमियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)







