सामग्री पर जाएँ
Tamir

जयपुर प्रथम जिले में हुआ उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस का आगाज

2 मिनट में पढ़ें

सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेश नगर पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर की टीकाकरण दिवस की शुरुआत

जयपुर प्रथम। जयपुर प्रथम जिले में रविवार, 22 नवंबर को उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (SNID) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) महेश नगर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर टीकाकरण दिवस का शुभारंभ किया। इस दिवस के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए 4164 बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के 04 लाख 61 हजार 578 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि जिले में टीकाकरण दिवस के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की गई हैं। निर्धारित बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों, एएनएम, आशा सहयोगिनियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। जिले में 0 से 5 वर्ष तक के 04 लाख 61 हजार 578 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी पात्र बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी (आरसीएचओ) जयपुर प्रथम डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि बूथ दिवस के बाद आगामी दिनों में जयपुर प्रथम जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टीमें घर-घर जाकर खुराक लेने से वंचित रह गए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। टीकाकरण दिवस की प्रभावी निगरानी के लिए जिले में 790 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 140 ट्रांजिट टीमें एवं 170 मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी। टीकाकरण दिवस के दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

और ख़बरें