सामग्री पर जाएँ
Tamir

भोपाल: 26 नवंबर से गौहर महल में सजेगा भोपाल पॉटर्स मार्केट, देशभर के 45 से ज्यादा कलाकार दिखाएंगे अपनी कला

1 मिनट में पढ़ें

भोपाल के पुराने शहर स्थित ऐतिहासिक गौहर महल में 26 से 29 नवंबर तक भोपाल पॉटर्स मार्केट का 14वां संस्करण आयोजित किया जाएगा। भोपाल पॉटर्स डेवलपमेंट वेलफेयर सोसाइटी की ओर से होने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में देशभर के 45 से ज्यादा सिरेमिक कलाकार हिस्सा लेंगे। यहां कलाकार मिट्टी से बनी अपनी खास कलाकृतियां, बर्तन, मूर्तियां, आभूषण और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें प्रदर्शित करेंगे। आयोजन का उद्देश्य मिट्टी की कला को बढ़ावा देना और कलाकारों को अपनी कला दिखाने के लिए मंच देना है।

कार्यक्रम की शुरुआत 26 नवंबर को शाम 5 बजे चुनिंदा वरिष्ठ सिरेमिक कलाकारों की प्रदर्शनी से होगी। इसके बाद 27 से 29 नवंबर तक सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक पॉटर्स मार्केट आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इसमें पुडुचेरी की इंद्राणी सिंह कासिम, दिल्ली की शालिनी डैम, कोलकाता के सुवाजित मंडल और दिल्ली के अनिरुद्ध सागर समेत कई कलाकार अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित करेंगे। खास बात यह होगी कि लोग कलाकारों से सीधे मिल सकेंगे और मिट्टी से चीजें बनाने की प्रक्रिया भी देख सकेंगे।

आयोजन में केवल प्रदर्शनी और खरीदारी ही नहीं, बल्कि कई तरह की गतिविधियां भी होंगी। इसमें लोग खुद चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाना सीख सकेंगे। इसके अलावा लाइव ड्रम सर्कल, संगीत प्रस्तुतियां और ओबवारा फायरिंग का प्रदर्शन होगा, जिसमें मिट्टी से बने बर्तनों को खास तरीके से पकाया जाता है। 27 नवंबर को शाम 5 बजे आरुषि और मुस्कान के बच्चों की प्रस्तुति होगी, जबकि 29 नवंबर को शाम 6 से 7:30 बजे तक राजस्थान के लोक संगीतकार लाइव प्रस्तुति देंगे। आयोजन में भोपाल बेकहाउस एंड कैफे की ओर से खाने-पीने की व्यवस्था भी रहेगी।

और ख़बरें