सामग्री पर जाएँ
Tamir

यूपी के सहारनपुर में समरसता संकल्प यात्रा का आयोजन, प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा को किया संबोधित

2 मिनट में पढ़ें

सहारनपुर में मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समरसता संकल्प यात्रा के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल पीडीए और संविधान के नाम पर समाज को जातियों में बांटने की राजनीति कर रहे हैं। दलितों और पिछड़ों के प्रति उनका प्रेम केवल चुनावी दिखावा है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के समरसता और समानता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा और एनडीए का संकल्प है। संत रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और सभी को अन्न मिले।

पंकज चौधरी ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई को काशी से समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत हुई थी। इसके तहत देशभर में करीब 29 हजार कलश वंदना यात्राएं निकाली गईं और 51 हजार स्थानों पर समरस दीप महोत्सव आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए 2,402 किलोमीटर की समरसता संकल्प यात्रा मंगलवार को सहारनपुर पहुंची।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को जीवनकाल में सम्मान नहीं दिया। वहीं, अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में वाल्मीकि और दलित समाज को समान अधिकार मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने डीबीटी के जरिए 54 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे हैं। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसके शासनकाल में गुंडे-माफियाओं का बोलबाला था और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दंगों, कर्फ्यू और पलायन की स्थिति बनी थी।

सहारनपुर के विकास का जिक्र करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार में क्षेत्र की कनेक्टिविटी, शिक्षा, पर्यटन और पारंपरिक उद्योगों को मजबूती मिली है। एक्सप्रेसवे से व्यापारियों, किसानों और काष्ठ कारीगरों को लाभ मिल रहा है। पुवांरका में मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना से सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर मिले हैं। वहीं, सहारनपुर की काष्ठ कला को ओडीओपी और जीआई टैग के जरिए अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दलित, वंचित और गरीब परिवारों के उत्थान के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। बाबा साहब से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत 163 केंद्रों पर मुफ्त आईएएस-पीसीएस कोचिंग दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पांच लाख से अधिक बेटियों का विवाह कराया गया है।

और ख़बरें