सामग्री पर जाएँ
Tamir

ग्वालियर में विरासत बचाने का संदेश लेकर निकले बाइकर्स

1 मिनट में पढ़ें

ग्वालियर शहर की ऐतिहासिक धरोहरों और प्राचीन पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने के लिए विश्व धरोहर सप्ताह के तहत रविवार(22 नवंबर) को भव्य बाइकर्स रैली निकाली गई। रैली के जरिए लोगों को अपनी ऐतिहासिक विरासत को जानने, समझने और उसे सहेजकर रखने का संदेश दिया गया।

विश्व धरोहर सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जा रहा है। इसी के तहत कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशन में इस रैली का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला प्रशासन और जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति समिति ने मिलकर यह कार्यक्रम आयोजित किया।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजन सिंह रावत के मार्गदर्शन में निकली इस रैली में बड़ी संख्या में बाइकर्स और विरासत प्रेमी शामिल हुए। रैली की शुरुआत ग्वालियर शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों से हुई। बाइकर्स बैजाताल, कटोराताल और महाराज बाड़ा होते हुए ग्वालियर किले पहुंचे। यहां से रैली आगे मितावली, पड़ावली और बटेश्वर के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों के लिए रवाना हुई।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को ग्वालियर और आसपास की ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ना और इनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। साथ ही इन पर्यटन स्थलों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना भी इस पहल का हिस्सा है।

और ख़बरें