सामग्री पर जाएँ
Tamir

पंचायतीराज चुनाव के अंतिम चरण में 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी

2 मिनट में पढ़ें

जयपुर, 16 नवंबर। पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के तहत प्रदेश के 25 जिलों की 3 हजार 747 ग्राम पंचायतों में सोमवार को सरपंच और 33 हजार 885 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा और इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। सरपंच पदों के परिणाम देर रात तक आने की संभावना है। सुबह 10 बजे के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 22.47 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक बालोतरा जिले की पड़ारू पंचायत समिति में 33.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम ब्यावर की बदनौर पंचायत समिति में 13.82 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शुरू होते ही कई जिलों में मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लिया। सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है। इस चरण में सरपंच पद के लिए 22 हजार 158 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 48 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि 3 हजार 246 ग्राम पंचायतों में दो से नौ उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। 439 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 और 12 ग्राम पंचायतों में 20 से 29 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि सवाई माधोपुर की एक ग्राम पंचायत में 30 से अधिक उम्मीदवार हैं। श्रीगंगानगर जिले में सबसे अधिक 307 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं। करौली जिले की 144 ग्राम पंचायतों में भी कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है, जहां मतदान केंद्रों पर महिला और पुरुष मतदाताओं की कतारें देखी जा रही हैं। मुख्य राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर जिले के दौरे प रहें। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने मतदान केन्द्र मच्छीपुरा का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बताया कि पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के अंतर्गत सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो रहा है।

और ख़बरें