विदिशा में नाबालिग बालिका से संबंधित गंभीर प्रकरण में पुलिस की त्वरित कार्रवाई


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और नशे के दुष्परिणामों की दी जानकारी। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाए आकर्षक मॉडल और नवाचार।
बाल दिवस के अवसर पर नूतन हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अनुराग सिंह कुशवाह ने किया। इस दौरान जिला न्यायाधीश कुशवाह ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान के विभिन्न मॉडलों और नवाचारों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, मादक पदार्थों से होने वाले नुकसान, बाल अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 से 27 नवंबर तक नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पाक्षिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी फारूक अहमद सिद्दीकी, विद्यालय के प्राचार्य शिवम त्यागी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
------ बाल दिवस पर नूतन स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाए आकर्षक मॉडल बच्चों को बाल अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी नशे के दुष्परिणाम बताकर नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील 14 से 27 नवंबर तक चलाया जा रहा नशामुक्त भारत जागरूकता अभियान
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)







